गद्दा गोदाम में लगी भीषण आग, जिंदा जलकर दो महिला कर्मचारियों की हुई मौत
रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: गर्मी के महीने में आग लगने की घटनाएं बढ़ती ही जा रही है। रायपुर जिले में भीषण गर्मी के बीच फोम फैक्ट्री में आगजनी की घटना हुई है। इसमें दो महिला कर्मचारियों की मौत हो गई है। रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित गोंदवारा में एक गद्दे बनाने वाली फोम स्लीप प्रो कंपनी में जबरदस्त आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दूर तक काले धुएं का गुबार उठने लगा।
जानकारी के अनुसार शाम 4 बजे जब आग लगी तब कंपनी में 7 कर्मचारी काम कर रहे थे। 5 पुरुष कर्मियों ने भागकर अपनी जान बचा ली। लेकिन 2 महिला कर्मी आग की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। दोनों महिला कर्मियों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। वही फायर ब्रिगेड की 5 से 6 गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है। बताया जा रहा है कि, हादसे में जाने गंवाने वाली दोनों महिलाएं सरोरा की रहने वाली थी। इनमें एक का नाम यमुना और दूसरी का रामेश्वरी है।