अगले 2 दिनों में प्रदेश के सभी जिलों में पहुंचेगा मानसून, गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश

2 Min Read

अगले 2 दिनों में प्रदेश के सभी जिलों में पहुंचेगा मानसून, गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश

रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:   दक्षिण पश्चिम मानसून बड़ी तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। मानसून की सक्रियता के चलते प्रदेश भर में अब मानसूनी बारिश भी होने लगी है। गुरुवार को मानसून प्रदेश के राजनांदगांव, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक से दो दिनों में मानसून प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी पहुंच जाएगा। दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश की स्थिति ऐसे ही बनी रहेगी और अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण पश्चिम मानसून अधिक क्षेत्रों में सक्रिय हो जाएगा।

प्रदेश के दक्षिण भाग में अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन अन्य क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। गुरुवार को प्रदेश भर में बलरामपुर सर्वाधिक गर्म रहा, एआरजी बलरामपुर का अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इससे पहले रायपुर में बारिश न होने व तापमान बढ़ने से गर्मी व उमस बढ़ने से परेशान लोगों को गुरुवार शाम को बड़ी राहत मिली। रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में देर शाम मौसम का मिजाज बदल गया और जमकर बारिश हुई। शहर में करीब पौन घंटे तक हुई जबरदस्त बारिश के चलते तेलघानीनाका, पचपड़ीनाका सहित कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश के चलते मौसम भी खुशनुमा हो गया और वातावरण में ठंडकता आ गई।

Share This Article