कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के खोलार नदी में पानी का जलस्तर बढ़ने पर जाल से मछली पकड़ रहा ग्रामीण डूब गया। उसे खोजबीन के प्रयास के दौरान ग्राम का एक व्यक्ति नशे की हालत में नदी में कूद गया। जिसे बचाने के लिए वहां मौजूद सिपाही ने नदी में छलांग लगा जाबांजी के साथ तेज बहाव में तैरकर उसे बचा लिया।
बांकीमोंगरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवरी के तेंदूकोना बस्ती निवासी ग्रामीण शंकर सिंह कंवर खोलार नदी पहुंचा था। जहां मछली पकड़ने के लिए जाल बिछाकर वह वापस घर लौट गया था। घर में काम करने के बाद लगभग 8 बजे वह नदी पहुंचा। जहां ट्यूब में बैठकर जाल से मछली पकड़ने में जुट गया। इस दौरान नदी में जलस्तर बढ़ने पर वह बहने लगा। इस दौरान नदी के आसपास ग्रामीण मौजूद थे लेकिन कोई भी पानी में उतरकर उसे बचाने की हिम्मत नहीं कर सका। ग्राम में घटना की जानकारी हुई तो डायल 112 को सूचना दी गई। जिसके बाद बांकीमोंगरा थाना से स्टाफ मौके पर भेजा गया। वहीं कंट्रोल रूम के जरिए नगर सेना के आपातकालीन प्रशिक्षित टीम को सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस टीम व नगर सेना के जवान वहां पहुंचे। नदी में डूबे शंकर सिंह की खोजबीन के लिए तैयारी चल रही थी कि वहां गांव का राजेश कुमार यादव नशे में पहुंचा।
जो शंकर की खोजने की बात कहते हुए एकाएक कपड़े खोलकर नदी में कूद गया। जलस्तर ज्यादा होने के चलते वह बहने लगा। जिसे देखकर वहां मौजूद बांकीमोंगरा थाना के सिपाही रोहित प्रताप सिंह ने जाबांजी दिखाते हुए फुर्ती के साथ वर्दी निकालकर नदी में उसके पीछे छलांग लगाया। तेज बहाव में तैरते हुए करीब 5 सौ मीटर दूर पहुंचकर उन्होंने राजेश कुमार को पकड़ लिया। लेकिन नदी से बाहर निकाला जाता उससे पहले ज्यादा भराव के चलते 8 सौ मीटर दूर स्थित डैम के गेट खोलने का सायरन बज गया। इससे ग्रामीण व सिपाही दोनों की जिंदगी खतरे में घिर गई। तब कुछ ग्रामीणों ने बाइक में डैम के गेट के पास पहुंचकर कर्मचारी को जानकारी दी और गेट बंद कराया गया। जिसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से सिपाही रोहित प्रताप सिंह ने राजेश कुमार को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला। सिपाही रोहित प्रताप के जाबांजी को देखकर ग्रामीणों ने उनकी तारिफ की।
लापता ग्रामीण की खोजबीन जारी
मछली पकड़ने के दौरान बहकर लापता ग्रामीण शंकर सिंह का शाम तक पता नहीं चला। नगर सेना की गोताखोर टीम स्थानीय ग्रामीण गोताखोरों के साथ नदी में संभावित स्थानों पर उसकी खोजबीन में जुटे हैं। दिनभर रूक-रूककर बारिश होने से नदी में पानी का बहाव तेज होने की वजह से खोजबीन में बाधा हो रही है। वहीं डैम के पास होने के कारण नदी में जलकुंभी फैले होने की वजह से गोताखोर भी वहां फंसने के डर से सतर्कता बरत रहे हैं।
