कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा और कोरबा में दो अलग-अलग घटनाओं में शुक्रवार को कुएं में डूबने से 9 लोगों की मौत हो गई। दोनों ही हादसे कुएं में गिरे ग्रामीणों को बचाने की चक्कर में हुए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ही मामलों में मौत का कारण जहरीली गैस का रिसाव है।
आज 5 जुलाई को कटघोरा के ग्राम जुराली के डिपरा पारा में रहने वाला ग्रामीण जहरू आज कुंआ में गिर गया था। पिता को गिरता देख उसकी बेटी भी कुएं में उतरी। जब दोनों काफी देर तक बाहर नहीं आये तो दो ग्रामीण और कुएं में उतरे। वे दोनों भी वापस बाहर नहीं आये। कुएं के बाहर खड़े ग्रामीण डर गये और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू की टीम मौके पर पहुंची रेस्क्यू शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि चारों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने चारों के शव को कुएं से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चारों की मौत कुएं में गिरने की वजह से हुई है या जहरीली गैस की वजह से हुई है इसका खुलासा नहीं हुआ है। फिलहाल मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

जांजगीर-चांपा में हुए हादसे में पिता-दो पुत्रों सहित 5 की मौत हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। SDRF की टीम को भी मौके पर पहुंच गई। उनकी मदद से सभी शवों को निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
एसडीओपी यदुमणि सिदार ने बताया कि राजेंद्र जायसवाल नाम का एक व्यक्ति कुआं में लकड़ी अंदर गिरने पर उसे निकालने घुसा था तभी गैस का रिसाव होने लगा और वह बहोश हो गया। उसकी पत्नी के शोर मचाने पर सबसे पहले पड़ोसी रमेश पटेल आया और वह कुएं के अंदर गया। उसकी भी सांसें भरने लगीं, फिर उसे बचाने उसके दो बेटे राजेंद्र और जितेंद्र भी कुएं के अंदर चले गए। जब चारों कुछ देर तक नहीं लौटे तो पड़ोस में रहने वाला टिकेश चन्द्रा भी इन लोगों को बचाने के लिए कुएं अंदर चला गया। लेकिन जहरीली गैस के रिसाव से पिता और 2 बेटों समेत 5 लोगों की जान चली गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद बिर्रा पुलिस और तहसीलदार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं। वहीं SDRF की टीम को भी बुलाया गया है।
