कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में हाथियों का दहशत लगातार जारी है। आपको बता दें कि पिछले माह तीन लोगों की जान लेने वाला दंतैल हाथी फिर से जिले में आ धमका है। हाथी पाली क्षेत्र के चेपारानी जंगल में 2 दिन से डेरा जमाया रहा जिसके बाद ग्राम डोंगानाला के करीब पहुंच तालाब के पास देखा गया है। इसकी धमक के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इसकी जानकारी वन विभाग की टीम व पाली पुलिस को दी गई। इसके बाद पाली रेंजर संजय लकड़ा व पाली थाना प्रभारी चमन सिन्हा के नेतृत्व में संयुक्त टीम प्रशिक्षित कर्मचारियों व ग्रामीणों के साथ हाथी को वापस जंगल में खदेड़ने पहुंची। दूसरी ओर डोंगानाला सहित आसपास के ग्राम में मुनादी कर ग्रामीणों को रात में सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है। वन विभाग की टीम लगातार हाथी पर नजर बनाए रखा है।
