कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बरपाली गांव में करंट की चपेट में आने से एक मासूम की मौत हो गई। कूलर में करंट दौड़ रहा था। इसी दौरान खेल-खेल में मासूम का हाथ कूलर को टच कर गया और वह अचेत हो गया। मासूम को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
यह पूरी घटना कटघोरा थाना अंतर्गत तानाखार के बरपाली गांव की है। यहां निवासरत अर्जुन बिंझवार के घर में चल रहे कूलर में करंट फैला हुआ था। परिजनों ने बताया कि अर्जुन का बेटा मौर्य (7 वर्ष) घर पर खेल रहा था। इस दौरान उसने कूलर को हाथ लगाया तो करंट के चपेट में आकर गंभीर हो गया। अचेत हालत में परिजन उसे कटघोरा के निजी अस्पताल ले गए। यहां परीक्षण के बाद डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित किया। वहीं इस घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है शव को पीएम के लिए भिजवा दिया गया है।
