पानी टैंकर ने ग्रामीण को कुचला, हुई दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

2 Min Read

जांजगीर-चांपा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां सड़क निर्माण में पानी आपूर्ति कर रहे टैंकर ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आक्रोशित परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर बलौदा-अकलतरा बस स्टैंड पर चक्का जाम कर दिया और शव उठाने नहीं दे रहे थे। 3 घंटे चले आंदोलन के बाद काफी समझाइश के बाद सवा लाख रुपए के मुआवजा राशि दी गई जिसके बाद परिजनों ने आंदोलन समाप्त किया।

जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना बलौदा थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान संतोष यादव पिता झाड़ू राम यादव उम्र (47 वर्ष) अकलतरा निवासी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मगंलवार दोपहर में दिव्यांग मृतक संतोष यादव पैदल घूमने निकला था। जब वह बस स्टैंड के पास वाली गली में पहुंचा ही था कि सामने से आ रही पानी टैंकर ने उसे टक्कर मार दी और उसके ऊपर से गुजर गया। इस हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहीं इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

बलौदा थाना प्रभारी सहित नायब तहसीलदार, एसडीओ भी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। परिजन पांच लाख मुआवजा की मांग पर अड़े थे, सड़क पर ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों द्वारा समझाइश दिया गया। तीन घंटे तक आंदोलन पर बैठने के बाद परिजनों ने आंदोलन समाप्त किया। जिस टैंकर से दिव्यांग संतोष यादव की मौत हुई है वो सड़क निर्माण में पानी की आपूर्ति कर रहा था। बताया जा रहा है कि 2021-22 में शुरू हुई यह सड़क अब तक पूरी नहीं बनीं है। नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर इसका निर्माण फिर शुरू किया गया है।

Share This Article