जांजगीर-चांपा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में दुर्घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही है। आए दिन लोग यहां सड़क हादसे का शिकार हो रहे हैं। आज फिर यहां एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद दुर्घटनाकारित ट्रक चालक के खिलाफ आक्रोशित परिजनों ने चक्काजाम कर दिया। इस दौरान करीब 1 घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान मुन्ना लाल उम्र (60 वर्ष) के रूप में हुई जो की मोची का काम करते थे। 24 जून की सुबह मुन्ना लाल रोज की तरह काम पर जा रहे थे। इसी बीच बजरंग चौक के ओवर ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया।
चक्का जाम के चलते करीब 1 घंटे तक आवागमन बाधित रहा। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। समझाइश के बाद ट्रक मालिक ने मृतक के परिजनों को तुरंत एक लाख रुपए का मुआवजा दिया। इसके बाद ही परिजनों ने चक्का जाम समाप्त किया। वहीं अकलतरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं ट्रक को जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
देखें वीडियो-
https://www.instagram.com/reel/DLSF6u0omN6/?igsh=Y3RyNWFxeTNzOGg0
