मोबाइल पर बात करते समय युवती ने अचानक काट ली नस, फिर बेहोश होकर गिरी

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   शहर के मिशन रोड स्थित श्याम मंदिर के पास मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने खुद को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। घटना मंदिर के सामने स्थित एटीएम के बाहर की है। जानकारी के अनुसार, युवती काफी देर से मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए इधर-उधर घूम रही थी। इसी दौरान उसने अचानक जेब से ब्लेड निकाला और अपने दाएं हाथ की कलाई व बांह पर एक के बाद एक 21 वार कर दिए।

लहूलुहान होने के बाद युवती मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे जवानों ने एंबुलेंस की मदद से युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती को पहली बार इस इलाके में देखा गया था। वह संभवतः बस या ऑटो से उतरकर श्याम मंदिर के पास पहुंची थी और लगातार मोबाइल पर बात कर रही थी। युवती से नाम पूछने की कोशिश की गई, लेकिन उसने सिर्फ इतना ही बताया कि उसका पता कटघोरा है। उसकी उम्र करीब 20 से 21 वर्ष बताई जा रही है। इस मामले में सीएसपी भूषण एक्का ने कहा कि घटना को लेकर अब तक किसी भी थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

फिलहाल युवती का इलाज जारी है। उसके परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में युवती ने खुद को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।

Share This Article