बाइक चोरी का भंडाफोड़ः अलग-अलग जिलों से चोरी की गई 15 बाइक बरामद, पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी दबोचे

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

जांजगीर-चांपा:   जिले की बलौदा पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने न केवल चोरी की वारदात का पर्दाफाश किया है बल्कि चोरी की गई कुल 15 मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली हैं। इस मामले में दो मुख्य आरोपी और एक खरीदार को गिरफ्तार किया गया है। बरामद की गई बाइकों की कीमत लगभग 6 लाख 45 हजार रुपए आंकी गई है।

शिकायत से शुरू हुई कार्रवाई

थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि 2 अगस्त को बलौदा सब्जी मंडी से शत्रुघ्न ठाकुर की बाइक चोरी हो गई थी। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन पर चोरी की वारदात का पता लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई। लगातार जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि चोरी के पीछे ग्राम पड़रिया के रहने वाले अनिल गोड (30 वर्ष) और पिंटू साहू (20 वर्ष) का हाथ है।

पूछताछ में खोला राज

दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जब कड़ी पूछताछ की गई तो उन्होंने बाइक चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि सब्जी मंडी से चोरी की गई बाइक को उन्होंने शंकर धनुहार (27 वर्ष) नामक व्यक्ति को बेच दिया था। पुलिस ने शंकर से बाइक बरामद करने के साथ ही आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से 14 अन्य बाइकें भी जब्त कीं।

कई जिलों में फैला था गिरोह का नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अनिल गोड और पिंटू साहू केवल बलौदा ही नहीं, बल्कि जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा और अन्य जिलों में भी घूम-घूम कर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। आरोपी बाइकों को चोरी करने के बाद उन्हें सस्ते दामों पर बेच देते थे।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

पुलिस ने चोरी में शामिल तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

बलौदा पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में बढ़ते वाहन चोरी के मामलों पर नकेल कसने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Share This Article