कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में रेलवे ट्रैक पर मिली एक अज्ञात लाश की पहचान घटना के पांच दिन बाद हो सकी। मृतक की शिनाख्त तुलाराम बिंझवार (40 वर्ष) निवासी बिरतराई, थाना उरगा के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया और परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला मानिकपुर थाना क्षेत्र का है। 20 अगस्त की देर रात भिलाई खुर्द मानिकपुर रेलवे पुल के पास ट्रैक पर एक कटी हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई थी। मालगाड़ी के चालक ने शव को देखकर तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पहचान के लिए पुलिस ने कई प्रयास किए। मृतक के पास से एक बस टिकट बरामद हुआ, जिसके आधार पर जांच का दायरा आगे बढ़ाया गया। इसके अलावा मृतक की तस्वीर सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुप्स में वायरल की गई तथा आसपास के इलाकों में मुनादी भी करवाई गई। जिले के सभी थानों में भी सूचना भेजी गई। लगातार प्रयासों के बाद मृतक की पहचान तुलाराम बिंझवार के रूप में हो सकी।
परिजनों ने एसडीएम कार्यालय में आवेदन देकर कब्र से शव निकालने की मांग की थी। आवेदन पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा गया।
परिजनों ने बताया कि तुलाराम हाल ही में अपने बेटे राजेश से मिलने रायगढ़ गया था। राजेश वहां डाकघर में कार्यरत है। लेकिन तुलाराम बिना बेटे से मिले ही वापस लौट आया था। लौटने के दौरान ही उसके साथ यह हादसा हुआ।
