कोरबा: बाइक से कार टकराने पर युवकों ने जमकर मचाया उत्पात, CSEB चौकी के सामने हुई घटना, देखें वीडियो…

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में सीएसईबी चौकी अंतर्गत एक बाइक से सोमवार की रात एक कार टकरा गई। इस मामूली सड़क दुर्घटना के बाद माहौल बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक और उनके साथ मौजूद लड़कों ने कार को घेरकर उसमें जमकर तोड़फोड़ की। यही नहीं, कार की छत पर चढ़कर भी उत्पात मचाया गया। घटना सीएसईबी चौकी के सामने की है।

सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान कार सवार युवक को भी पिटाई का शिकार होना पड़ा। पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो अब तेजी से चर्चा में है।

जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवक सोशल मीडिया पर एक विवादित टिप्पणी को लेकर बड़ी संख्या में सीएसईबी चौकी शिकायत देने पहुंचे थे। शिकायत के आधार पर विवादित पोस्ट करने वाले के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।चौकी से लौटने के दौरान बाइक की टक्कर हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। गुस्साए युवकों ने कार में तोड़फोड़ के साथ युवक से मारपीट और अभद्रता की।

सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया कि कार से हुई टक्कर और उसके बाद हंगामा एवं मारपीट की घटना पर किसी भी पक्ष की ओर से अब तक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Share This Article