करैत सांप के काटने से 18 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत, परिजनों में पसरा मातम

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित अटल आवास, साडा कॉलोनी में करैत सांप के काटने से एक 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतका का नाम करिश्मा खैरवार बताया जा रहा है। यह घटना देर रात उस समय हुई जब करिश्मा अपनी मां के साथ कमरे में सो रही थी।

जानकारी के अनुसार, सोते समय बिस्तर में छिपे जहरीले करैत सांप ने उसे तीन बार काटा। पहली और दूसरी बार काटने पर करिश्मा को यह सामान्य कीड़े का काटना लगा और उसने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। लेकिन तीसरी बार काटने के बाद तीव्र दर्द होने पर वह चीखते हुए उठी। परिजनों ने जब बिस्तर में देखा तो उसमें सांप लिपटा हुआ दिखाई दिया।

घबराए परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया, लेकिन शिकायत है कि करीब एक घंटे तक गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। अंततः परिवार को मजबूरन निजी वाहन की मदद से करिश्मा को कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाना पड़ा। परिजन सांप को भी एक डिब्बे में डालकर अस्पताल लेकर पहुंचे ताकि डॉक्टर सही उपचार कर सकें।

अस्पताल में डॉक्टरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। इलाज के दौरान ही करिश्मा ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और परिजनों का बयान दर्ज किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।

इस घटना से कॉलोनी में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस सेवा की लापरवाही पर गहरा आक्रोश जताया है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article