कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कटघोरा वन मंडल के कोरबी क्षेत्र के सखोदा परिसर में 52 हाथियों का विशाल झुंड दिखाई दिया है। यह दृश्य वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक कुमार दुबे ने अपने कैमरे में कैद किया। इस झुंड में मादा हाथियों के साथ कई छोटे शावक भी शामिल हैं। वीडियो में मां हाथी अपने शावक को गोद में लिए आराम करती नजर आ रही है, जो मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करता है।
वन विभाग के अनुसार, यह झुंड पिछले कई दिनों से केंदई और पसान परिक्षेत्र के जंगलों में विचरण कर रहा है। झुंड का आकार बड़ा होने के कारण विभाग ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। लगातार टीम बनाकर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को टाला जा सके।
मानव-हाथी संघर्ष की संभावनाओं को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी करवाई है। ग्रामीणों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे हाथियों के झुंड के पास न जाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी तरह की हलचल या जानकारी तुरंत वन विभाग को देने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि 12 अगस्त को विश्व हाथी दिवस के मौके पर वन विभाग ने कटघोरा क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया था। इसमें ग्रामीणों को हाथियों के महत्व, उनके प्राकृतिक व्यवहार और मनुष्यों के साथ तालमेल बनाकर रहने के तरीकों की जानकारी दी गई थी। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि इस अभियान का सकारात्मक प्रभाव अब दिखने लगा है। स्थानीय लोग सतर्कता बरतने के साथ ही विभाग का सहयोग कर रहे हैं।
वन विभाग ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा है कि हाथी जंगल का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके संरक्षण में सबकी जिम्मेदारी है। विभाग का प्रयास है कि हाथियों का झुंड बिना किसी बाधा के सुरक्षित रूप से अपने प्राकृतिक आवास की ओर बढ़ सके और इंसान तथा वन्यजीवों के बीच संतुलन बना रहे।
