मुड़ापार कबाड़ी की करतूत उजागर, एसईसीएल कर्मियों से मिलकर खरीद रहा चोरी का कबाड़, पुलिस ने दुकान पर मारा छापा, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   शहर में कबाड़ चोरी और अवैध कारोबार का खेल एक बार फिर उजागर हुआ है। मुड़ापार स्थित कबाड़ी तनवीर पर आरोप है कि वह एसईसीएल कर्मचारियों से मिलीभगत कर चोरी का कबाड़ खरीद रहा है। इसमें लोहे की प्लेटें, स्क्रैप और एंगल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह माल राताखार क्षेत्र के एक बड़े कबाड़ व्यापारी को बेचा रहा है।

इससे पहले भी तनवीर कबाड़ी पर कई बार पुलिस और नगर निगम की कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उसके हौसले बुलंद रहे। कुछ दिन पहले ही मानिकपुर चौकी पुलिस ने राताखार स्थित एक कबाड़ दुकान से चोरी की बाइक बरामद की थी और वहां कार्रवाई की थी।

अब कबाड़ी के खिलाफ नए सबूत सामने आए हैं। वीडियो में यह साफ दिख रहा है कि एसईसीएल क्षेत्र कुसमुंडा, ढेलवाडीह, गेवरा और रजगामार सहित अन्य इलाकों से आने वाली गाड़ियां चोरी का कबाड़ लेकर कबाड़ी की दुकान पर पहुंच रही हैं। कई वाहनों में कर्मचारी एसईसीएल का सामान सीधे बेचते हुए देखे गए हैं।

मानिकपुर चौकी पुलिस ने इस सूचना और वीडियो के आधार पर कबाड़ दुकान पर छापा मारा। हालांकि दुकान संचालक तनवीर कबाड़ी ने एसईसीएल कर्मचारियों से सामान खरीदे जाने से साफ इंकार कर दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दुकान से मोटर और अन्य कबाड़ जब्त किया और आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।

इस मामले पर एसईसीएल के पीआरओ डॉ. सनीश चंद्र ने कहा कि क्षेत्रीय वर्कशॉप में सुरक्षा व्यवस्था मौजूद है ताकि कोई भी अनाधिकृत सामान बाहर न जा सके। तथापि, इस प्रकरण की नियमानुसार जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article