कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा हरदी बाजार थाना से महज़ 300 मीटर दूर हुआ। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान ज्योति भारद्वाज उम्र (25 वर्ष), निवासी बाता गांव (हरदी बाजार) के रूप में हुई है। ज्योति रोज़ाना की तरह कॉलेज जाने निकली थी। उसे कॉलेज छोड़ने के लिए उसका परिचित रुद्र प्रताप मोटरसाइकिल से ले जा रहा था। रास्ते में अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में दोनों बाइक सवार असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज़ रफ्तार पानी टैंकर ने ज्योति को कुचल दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी तथा गंभीर रूप से घायल ज्योति को हरदी बाजार स्थित स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए टैंकर (क्रमांक CG11 AZ 0466) को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे की एक और मार्मिक बात यह रही कि अस्पताल में भर्ती होने के दौरान ज्योति ने अपने पिता से मिलकर मदद की गुहार लगाई थी। लेकिन उनकी आंखों के सामने ही बेटी ने दम तोड़ दिया।
मृतका ज्योति भारद्वाज हरदी बाजार कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह पढ़ाई में मेधावी और परिवार की आशाओं का केंद्र थी। हादसे की खबर मिलते ही गांव और कॉलेज दोनों जगह शोक की लहर दौड़ गई है।