कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कटघोरा वन मंडल के केंदई वन क्षेत्र में इस समय हाथियों का आतंक छाया हुआ है। बताया जा रहा है कि यहां 26 हाथियों का दल लगातार गांवों की ओर रुख कर रहा है। ये हाथी लाद, कोरबी, लालपुर, घुचापुर सहित आसपास के गांवों में विचरण करते हुए किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुँचा रहे हैं। अब तक 100 से अधिक किसानों की फसलें रौंदी जा चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश और चिंता व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार कटघोरा वन मंडल में 52 हाथियों का एक बड़ा दल मौजूद था, जिसमें से 26 हाथी अलग होकर केंदई रेंज की ओर बढ़ गए। गांव के समीप हाथियों के पहुंचने से लोग भयभीत हैं। लोग रातभर जागकर अपने खेत और घरों की रखवाली करने को मजबूर हैं।
वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों के दल से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। विभाग का कहना है कि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए गांवों में अलर्ट जारी किया गया है और हाथियों को आबादी से दूर रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
