कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के हरदी बाजार से पाली तक जाने वाला मुख्य मार्ग रेकी रोड इन दिनों लीलागर नदी के उफान के कारण बाधित हो गया है। इस मार्ग पर नदी को पार करने के लिए एक छोटा पुल बना हुआ है, लेकिन बुधवार रात हुई तेज बारिश के बाद नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया।
तेज बहाव के कारण गुरुवार सुबह पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। इस वजह से ग्रामीणों और राहगीरों का आना-जाना पूरी तरह बंद हो गया। स्थिति यह है कि पुल पर पानी का दबाव इतना अधिक है कि लोग जोखिम उठाने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार यह मार्ग हरदी बाजार, पाली और आसपास के गांवों के बीच आवागमन का प्रमुख साधन है। ऐसे में सड़क बंद होने से आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। कई लोग समय पर काम और पढ़ाई के लिए नहीं पहुंच पाए।
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में लीलागर नदी इसी तरह उफान पर आ जाती है और पुल के ऊपर से पानी बहने लगता है। बावजूद इसके अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का हल निकालने की मांग की है ताकि बरसात में बार-बार आवागमन प्रभावित न हो।
