कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: लगातार हो रही बारिश और जलग्रहण क्षेत्रों से आ रहे पानी के चलते मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर 358.10 मीटर तक पहुंच गया है, जो इसकी कुल क्षमता का लगभग 90 प्रतिशत है। जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने गुरुवार रात मुख्य अभियंता बिलासपुर और अधीक्षण अभियंता कोरबा के साथ गहन विचार-विमर्श किया। बैठक के बाद शुक्रवार सुबह अतिरिक्त 8 गेट खोलने का निर्णय लिया गया।
सुबह करीब 8 बजे गेट क्रमांक 3 और 9 को खोला गया। इससे पहले गेट संख्या 4, 5, 6 और 8 पहले ही खोले जा चुके थे। तकनीकी जानकारी के अनुसार, गेट नंबर 4 और 8 को 0.50 मीटर तक खोला गया है, जिनसे 2,960-2,960 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं, गेट नंबर 5 और 6 को 1.50 मीटर खोला गया है, जिनसे प्रत्येक से 8,750 क्यूसेक पानी प्रवाहित किया जा रहा है। कुल मिलाकर फिलहाल बांध से 49,904 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।
कार्यपालन अभियंता धर्मेंद्र निखरा ने बताया कि बांध के आसपास बसे 32 गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि बांगो बांध में कई प्रमुख नदियां मिलती हैं और बारिश की तीव्रता के आधार पर आने वाले समय में अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दर्री बांध को भी सतर्क कर दिया गया है। वहां अभी तक दो गेट खोले गए हैं। जलस्तर में तेजी से हो रही बढ़ोतरी के चलते हसदेव नदी किनारे बसे शहरी क्षेत्र के सीतामढ़ी, मोती सागरपारा, राताखार, पम्प हाउस, पुरानी बस्ती और कोहड़िया जैसे इलाकों में जलभराव की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने से परहेज करने और सतर्क रहने की अपील की है।
बारिश का दौर जारी रहने और नदी-नालों में उफान बढ़ने के कारण जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। बाढ़ की संभावित स्थिति में राहत व बचाव दलों को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
