सतरेंगा पर्यटन स्थल में घुस आए जंगली भालू, पर्यटकों व कर्मचारियों में मचा हड़कंप, देखें वायरल वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेंगा इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में है। शुक्रवार की देर रात रिसोर्ट परिसर के गार्डन क्षेत्र में अचानक दो जंगली भालू आ धमके। भालुओं को गार्डन में घूमते देख वहां मौजूद पर्यटक और कर्मचारी घबरा गए। घटना के बाद कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भालू पास के जंगल से निकलकर सीधे गार्डन में पहुंचे। वे लंबे समय तक वहां घूमते और खेलते रहे। इस दौरान पर्यटक अपने कमरों में दुबक गए और रिसोर्ट के कर्मचारी सुरक्षित जगह छिप गए। कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।

अंधेरे का फायदा उठाकर आते हैं जंगली जानवर

स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने बताया कि सतरेंगा क्षेत्र में अक्सर रात को बिजली गुल हो जाती है। अंधेरे का फायदा उठाकर जंगली जानवर रिसोर्ट और गार्डन क्षेत्र में प्रवेश कर जाते हैं। खासकर महिलाएं इस कारण शाम 6 बजे के बाद गार्डन की गतिविधियां बंद कर देती हैं, ताकि किसी हादसे से बचा जा सके।

वन्यजीवों का बार-बार रिसोर्ट में आना चिंता का विषय

ग्रामीणों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। आए दिन जंगली जानवर जंगल से बाहर आकर सतरेंगा रिसोर्ट और आसपास की बस्तियों में देखे जाते हैं। लोगों का कहना है कि वन विभाग को इस पर कड़े कदम उठाने चाहिए, वरना कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

वन विभाग की अपील
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास गश्त तेज कर दी। विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और रात के समय अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि रिसोर्ट प्रबंधन को भी सुरक्षा इंतजाम और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की सलाह दी गई है।

 

Share This Article