कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 13 वर्षीय किशोर ने ढाई साल की मासूम बच्ची के साथ गलत काम किया। बच्ची की मां ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार सिविल लाइन क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। बच्ची की मां प्राइवेट अस्पताल में बिलिंग का काम करती है, जबकि पिता एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। बुधवार को जब दोनों घर पर नहीं थे, उसी समय मकान मालिक का बेटा (13 वर्ष) बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ दरिंदगी करने लगा। शाम को मां जब काम से लौटी और कमरे में पहुंची, तो उसने आरोपी को मासूम के साथ गलत हरकत करते देखा। मां ने तुरंत उसे पकड़ लिया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी किशोर ने इससे पहले भी बच्ची को शिकार बनाया था।
वहीं घटना के बाद मकान मालिक ने उल्टे पीड़ित परिवार को धमकाया और मकान खाली करने के लिए मजबूर कर दिया। ऐसे में परिवार को अपना घर छोड़ना पड़ा।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी किशोर मोबाइल का आदी था और अश्लील कंटेंट देखने की आदत ने उसे इस अपराध की ओर धकेला।
बाल कल्याण समिति की अपील
बाल कल्याण समिति (CWC) के सदस्य मनोज ठाकुर ने कहा कि मामले को समिति में पेश किया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि “बच्चों को अकेला न छोड़ें, उनकी गतिविधियों पर लगातार नज़र रखें और मोबाइल जैसी तकनीक के दुरुपयोग से बचाएं।”
कोरबा में मासूम से दरिंदगी:
13 साल के किशोर ने ढाई साल की बच्ची को बनाया हवस का शिकार, मां ने रंगे हाथों पकड़ा, पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज
