कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोर लगातार खाली पड़े घरों और सुरक्षित समझे जाने वाले कॉलोनियों को निशाना बना रहे हैं। बीते दिनों ऐसी दो घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे शहरवासियों में दहशत का माहौल है।
पहला मामला – रिटायर्ड कर्मचारी का मकान
मानिकपुर चौकी क्षेत्र के एसईसीएल मेन रोड स्थित DAV पब्लिक स्कूल के सामने रहने वाले रिटायर्ड कर्मचारी रामाकांत शर्मा के घर में चोरी हुई। शर्मा सी-54 क्वार्टर में रहते हैं और हाल ही में मानिकपुर खदान से फिटर पद से रिटायर हुए हैं। दो महीने पहले ही उन्होंने सेवा निवृत्ति ली थी।
जानकारी के अनुसार, रामाकांत शर्मा और उनकी पत्नी इन दिनों पुणे गए हुए थे, जहां उनके दोनों बेटे नौकरी करते हैं। घर खाली पाकर चोरों ने मौका साधा और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे। घर के भीतर घुसने के बाद उन्होंने तीन आलमारियों का ताला तोड़ा और वहां रखा सामान व जेवरात चोरी कर लिए।
इतना ही नहीं, चोरों ने वारदात को छुपाने के लिए घर में लगे CCTV कैमरे को भी तोड़कर अपने साथ ले गए। पड़ोसियों ने जब घर का ताला टूटा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी और वीडियो कॉल के जरिए मालिक को जानकारी दी।
मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मकान मालिक के लौटने के बाद ही चोरी गए सामान और उसकी कुल कीमत का अंदाजा लग सकेगा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला – सब इंस्पेक्टर का घर
इसी तरह दूसरी वारदात सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंप हाउस स्थित आवास में हुई है। यहां राजनांदगांव में पदस्थ सब इंस्पेक्टर नवल साहू के घर को चोरों ने निशाना बनाया।
घर की नौकरानी रामकुमारी ने बताया कि दो दिन पहले तक घर पूरी तरह सुरक्षित था। लेकिन सोमवार सुबह जब वह सफाई करने पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवरात गायब हैं।
खास बात यह है कि यह चौथी बार है जब इस घर में चोरी की वारदात हुई है। पहले तीन बार चोर आंगन से स्पोर्ट्स साइकिल चुरा चुके थे। यहां तक कि घर के बाहर खड़ी एक्टिवा की चाबी अंदर होने के बावजूद चोरों ने उसे नहीं छुआ, जिससे माना जा रहा है कि चोरों का निशाना केवल नकदी और गहने थे।
नवल साहू ने फोन पर बताया कि चोरी में नकदी और गहनों का नुकसान हुआ है। सही आंकलन उनके लौटने के बाद ही हो सकेगा। सूचना मिलने पर सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
दोनों वारदातों के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोरबा एसपी भूषण एक्का ने बताया कि मामलों को गंभीरता से लिया गया है और टीमों को सुराग तलाशने के लिए लगाया गया है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
इन लगातार हो रही चोरियों ने लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कॉलोनियों में चौकसी और गश्त बढ़ाने की मांग भी उठ रही है।
