कोरबा ब्रेकिंग:  गोलियों की गूंज से थर्राया हरदी बाजार, सर्विस राइफल से साली-चाचा ससुर पर बरसाईं गोलियां, इलाके में दहशत, देखें वीडियो…

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में बुधवार सुबह एक ऐसी वारदात हुई जिसने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के उमेंदीभाठा गांव में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के जवान टेकराम मिंझवार ने अपनी सर्विस राइफल से अंधाधुंध फायरिंग कर अपनी साली और चाचा ससुर की जान ले ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

अचानक गूंज उठीं गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार सुबह जवान टेकराम मिंझवार अपने ससुराल पहुंचा था। किसी बात को लेकर उसका परिवार से विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो वह तैश में आया और सर्विस राइफल निकालकर साली और चाचा ससुर पर गोलियां दाग दीं। दोनों मौके पर ही ढेर हो गए। गोलियों की आवाज से पूरा बाजार क्षेत्र गूंज उठा और लोग घरों से निकलकर भागने लगे। कुछ देर तक पूरे गांव में दहशत का माहौल रहा।

आरोपी जवान गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही हरदीबाजार थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी शुरू कर दी। और नेवसा नर्सरी के पास से जवान टेकराम मिंझवार को हरदी बाजार पुलिस ने अपने जान की परवाह ना करते हुए राइफल के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त सर्विस राइफल भी बरामद कर ली गई है।

पारिवारिक विवाद बना वजह
जानकारी के मुताबिक आरोपी जवान की पत्नी से पहले ही तलाक हो चुका था। इसके बाद से ही उसका पत्नी के परिवार से लगातार विवाद चल रहा था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पारिवारिक तनाव ही इस हत्या की जड़ है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि घटना के पीछे अचानक भड़का विवाद था या पहले से कोई साजिश रची गई थी।

https://www.instagram.com/reel/DOan8Xdkk8j/?igsh=ZmtjZmNuMzhmNW53

एसपी ने की पुष्टि
कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।और इस केस में महत्वपूर्ण भूमिका रही ASI विजय कुमार सिंह, हेमंत कँवर, प्रफुल साहू, गौतम पटेल एवं अन्य थाना क्षेत्र के पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच कर सभी तथ्य सामने लाए जाएंगे।

आरोपी जवान

मुख्यमंत्री के दौरे के पहले घटना से हड़कंप
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज कोरबा जिले में मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की अहम बैठक में शामिल होने पहुंचे हैं। सूत्रों के अनुसार, आरोपी जवान की ड्यूटी भी मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर लगाई गई थी, लेकिन वह ड्यूटी छोड़कर ससुराल चला गया और वहां वारदात को अंजाम दिया। इस घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गांव में मातम और दहशत
वारदात के बाद उमेंदीभाठा गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट और खून-खराबे से लोग सहमे हुए हैं। पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।

घटना का वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें https://www.instagram.com/reel/DOan8Xdkk8j/?igsh=ZmtjZmNuMzhmNW53

Share This Article