कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: गणेश उत्सव के दौरान अक्सर देखा जाता है कि विसर्जन के समय युवा वर्ग आपसी विवाद और उत्तेजना में मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। कई बार यह विवाद गंभीर झगड़े और चोट-चपेट तक पहुंच जाता है। इस स्थिति को रोकने और शांतिपूर्ण माहौल में गणेश प्रतिमा विसर्जन सुनिश्चित करने के लिए कटघोरा पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।
पुलिस को आशंका थी कि विसर्जन जुलूस में शामिल कुछ युवक अपने हाथों में चूड़ा और पंच पहनकर झगड़े की स्थिति में एक-दूसरे पर हमला कर सकते हैं। इसलिए पुलिस ने समय रहते सतर्कता बरतते हुए अभियान चलाकर इन युवकों से चूड़ा और पंच उतरवाए।
इस दौरान पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों से लगभग 400 से अधिक युवकों के हाथों से चूड़ा और पंच उतरवाए। साथ ही उन्हें सख्त हिदायत भी दी गई कि अगर विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की मारपीट, गड़बड़ी या उपद्रव किया गया तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कटघोरा पुलिस की इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि इस प्रकार की सख्ती से विसर्जन का माहौल शांतिपूर्ण और सुरक्षित रहेगा और उत्सव का आनंद हर कोई बिना डर और तनाव के ले सकेगा।
