महिलाओं का कलेक्ट्रेट पहुंचकर हंगामा, अवैध कच्ची महुआ शराब पर रोक लगाने की उठी मांग

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

जांजगीर-चांपा:  जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम चंगोरी से सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और ग्रामीण शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने क्षेत्र में धड़ल्ले से बिक रही अवैध कच्ची महुआ शराब के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

ग्रामीण महिलाओं ने प्रशासन को चेताया कि गांव-गांव, घर-घर में खुलेआम कच्ची शराब बनाई और बेची जा रही है। इस जहरीले नशे ने न केवल युवाओं और छोटे बच्चों को बर्बादी की ओर धकेल दिया है, बल्कि परिवारों को तोड़ने और रोजगार छीनने का काम भी कर रहा है। उनका कहना है कि शराब की लत से आने वाली पीढ़ी अंधकार में डूबती जा रही है।

महिलाओं ने जानकारी दी कि तीन दिन पहले उन्होंने स्वयं भारी मात्रा में अवैध महुआ लाहन और शराब पकड़कर अकलतरा पुलिस को सौंपा था, लेकिन पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। उल्टा आरोपियों को छोड़ दिया गया।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि पुलिस की यह ढिलाई न सिर्फ समाज के लिए खतरनाक है, बल्कि सरकार द्वारा आदिवासी समुदाय के लिए चलाई जा रही स्वरोजगार और नशामुक्ति योजनाओं को भी असफल बना रही है।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और पुलिस ने जल्द ही इस अवैध शराब कारोबार पर रोक नहीं लगाई, तो वे स्वयं मोर्चा संभालेंगी और आंदोलन को और तेज करेंगी।

Share This Article