कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा शहर के कोरकोमा मुख्य मार्ग झगरहा चौक में कबाड़ व्यवसायी की लापरवाही और मनमानी के कारण स्थानीय लोग भारी परेशानी झेल रहे हैं। दुकान के बाहर और सड़क किनारे कबाड़ का ढेर लगा दिया गया है। लोहे-प्लास्टिक के टुकड़े, टूटे-फूटे सामान और बेकार पड़े औजार सड़क पर फैले रहने से आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
गंदगी और सांप-बिच्छू का खतरा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कबाड़ फैले रहने से इलाके में गंदगी बढ़ गई है। बदबू और कचरे के कारण आसपास रहने वाले लोग बीमारियों की आशंका से चिंतित हैं। कबाड़ के ढेर में सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों ने डेरा जमा लिया है, जो कई बार आसपास के घरों में भी घुस जाते हैं। इससे बच्चों और बुजुर्गों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
परेशान लोगों ने नगर निगम आयुक्त और कलेक्टर से लिखित शिकायत की है। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद कबाड़ व्यवसायी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि नगर निगम पहले ही इस कबाड़ व्यवसायी पर जुर्माना लगाकर सामान जब्त कर चुकी है। इसके अलावा सिविल लाइन थाना पुलिस भी उसके खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। लेकिन इन सबके बावजूद कबाड़ व्यवसायी बेपरवाह होकर खुलेआम दुकान के बाहर कबाड़ फैलाकर बैठा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त और स्थायी कार्रवाई की मांग की है, ताकि सड़क किनारे कबाड़ फेंकने और गंदगी फैलाने की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो बीमारियों का खतरा और बढ़ जाएगा।
