कोरबा में कांग्रेस का मशाल जुलूसः सचिन पायलट के नेतृत्व में कांग्रेस का ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान’, कई दिग्गज नेता हुए शामिल, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान के तहत मंगलवार देर शाम कोरबा की सड़कों पर कांग्रेस का मशाल जुलूस निकला। इस जुलूस की अगुवाई कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने की।

कार्यक्रम में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद ज्योत्सना महंत, वरिष्ठ कांग्रेसी गुरुमुख सिंह होरा, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व राजस्व मंत्री जयंती अग्रवाल और पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस मशाल जुलूस में शामिल हुए।

कांग्रेसियों ने मशाल हाथों में लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि लोकतंत्र की मूल भावना को ठेस पहुंचाई जा रही है। उनका कहना था कि जनता के जनादेश की अनदेखी कर सत्ता में बने रहना जनता के विश्वास के साथ धोखा है।

प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को किसी भी सरकार या राजनीतिक दल के दबाव में नहीं आना चाहिए। पायलट ने तंज कसते हुए कहा कि आयोग से पूछे गए सवालों का जवाब भाजपा के प्रवक्ता दे रहे हैं, जिससे आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठना लाजमी है।

इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब तक डीजल, रेत, कबाड़ और कोयले की चोरी होती देखी थी, लेकिन इस बार तो वोट चोरी होते देखना पड़ा। उन्होंने इसे लोकतंत्र के साथ सबसे बड़ा धोखा बताया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्यकर्मी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने उनकी आवाज अनसुना कर रही है।

वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में भारी पैमाने पर अनियमितताएं की गई हैं, जिससे साफ है कि सत्ता पक्ष चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश में है।

कार्यक्रम के दौरान सचिन पायलट ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान को घर-घर तक पहुंचाएं और जनता को बताएं कि भाजपा सरकार केवल सत्ता के लिए काम कर रही है, जनता के असली मुद्दों से उसका कोई सरोकार नहीं है।

मशाल जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उत्साह के साथ नारे लगाते हुए चल रहे थे। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यह जुलूस देर रात तक चला। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट रही। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान आने वाले समय में पूरे प्रदेश में और तेज़ी से चलाया जाएगा।

Share This Article