महिलाओं पर बुरी नजर रखता था युवक, पड़ोसियों ने युवक को बांधकर पीटा, इलाज के दौरान मौत

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम साजापानी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पड़ोसियों द्वारा बेरहमी से की गई पिटाई में 44 वर्षीय युवक शत्रुघ्न चौहान की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार शत्रुघ्न पर आरोप था कि वह पड़ोस की महिला पर बुरी नजर रखता था। इसी बात से नाराज़ होकर पड़ोसी दंपति उत्तरा चौहान और जानकी चौहान ने मिलकर उसे पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों ने युवक के हाथ-पाँव बांध दिए और लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। जहां गंभीर हालत में शत्रुघ्न को डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार शत्रुघ्न चौहान पहले भी अपराधों में लिप्त रहा है। करीब चार साल पहले उसने अपनी पत्नी की हत्या की थी, जिसके मामले में उसे जेल की सजा हुई थी। जमानत पर छूटने के बाद से वह पड़ोसी की पत्नी से छेड़छाड़ और तांकझांक करता था। पीड़िता ने कई बार अपने पति से इसकी शिकायत की थी।

वहीं मृतक का बेटा निखिल ने बताया कि मां की मौत के बाद वह और उसका छोटा भाई बुआ के साथ रहते हैं। घटना वाले दिन उसके दोस्तों ने फोन कर बताया कि उसके पिता को पड़ोसी पीट रहे हैं। जब वह मौके पर पहुँचा, तब तक पिता गंभीर रूप से घायल अवस्था में जीवित थे।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि आरोपी दंपति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उरगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article