कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कटघोरा वनमंडल में इन दिनों घूम रहे हाथियों के झुंड में से एक हाथी के नवजात बच्चे का शव हसदेव नदी किनारे कोरबी के पास झाड़ियों में फंसा हुआ मिला है। वन विभाग को आशंका है कि नदी पार करते समय तेज बहाव में बहकर उसकी मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार केंदई रेंज के ओड़ार बहरा क्षेत्र में ग्रामीणों को झाड़ियों में फंसा एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव की पहचान हाथी के नवजात बच्चे के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब एक सप्ताह बताई जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शव करीब दो दिन पुराना है, और यह हसदेव नदी में बहकर इस स्थान तक आया है।
पसान रेंज के पनगंवा क्षेत्र में इस समय करीब 54 हाथियों का एक बड़ा झुंड सक्रिय है, जिसमें कई बच्चे भी शामिल हैं। एक सप्ताह पहले ही सखोदा क्षेत्र में एक हथिनी ने बच्चे को जन्म दिया था, जिसके बाद झुंड का एक हिस्सा करीब 27 हाथी आगे बढ़ गया था।
कटघोरा वनमंडल के रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यही संभावना जताई गई है कि हाथी के बच्चे की मौत नदी पार करते समय बहाव में बहने के कारण हुई है। हालांकि, अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।
