कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा-सक्ति मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। तिलकेजा के पास तेज रफ्तार स्कूल बस ने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब स्वामी स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रही थी।
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना उरगा थाना क्षेत्र की है। घायल युवक की पहचान रेनखोल निवासी उत्तम यादव के रूप में हुई है, जो नवरात्र के अवसर पर 22 सितंबर की सुबह मंदिर दर्शन के लिए निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस इतनी तेज गति में थी कि युवक को बचने का मौका तक नहीं मिला और टक्कर के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के वक्त बस में कुल 14 बच्चे सवार थे। टक्कर की आवाज और घटनास्थल का दृश्य देखकर बच्चे घबरा गए और बस में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुँचकर एंबुलेंस बुलाई और घायल युवक को जिला मेडिकल कॉलेज भिजवाया। यदि समय पर उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता, तो उसकी जान जा सकती थी। जिला मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों के अनुसार, उत्तम यादव के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यहां अक्सर भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियंत्रण की कमी के कारण इस क्षेत्र में आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।
