कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां सुबह एक कपड़ा व्यापारी का शव राधासागर तालाब में तैरता हुआ मिला। तालाब के पास खेल रहे बच्चों ने सबसे पहले पानी में तैरते शव को देखा और बाहर निकाला, लेकिन तब तक जुगल अग्रवाल की मौत हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान जुगल अग्रवाल (45 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोज़ की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, लेकिन फिर वापस नहीं लौटे। प्रारंभिक जांच में पुलिस को अंदेशा है कि मॉर्निंग वॉक के बाद जुगल अग्रवाल तालाब के किनारे हाथ-पैर धोने गए होंगे, इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ा और वह फिसलकर तालाब में गिर गए। पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, घटना की सटीक वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
मृतक जुगल अग्रवाल कटघोरा के अंबिकापुर-कटघोरा मुख्य मार्ग पर ‘जुगल क्लॉथ स्टोर’ के नाम से कपड़ों की दुकान चलाते थे। वे क्षेत्र के जाने-माने व्यापारी माने जाते थे और समाज में उनकी अच्छी प्रतिष्ठा थी। जुगल अग्रवाल की आकस्मिक और रहस्यमयी मौत से कटघोरा के व्यापारी वर्ग और स्थानीय नागरिकों में शोक की लहर है।
