कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर में दो अलग-अलग स्थानों से आत्महत्या जैसे मामले सामने आए हैं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। एक मामला कोतवाली थाना क्षेत्र से है, जबकि दूसरा सीएसईबी चौकी क्षेत्र का है। दोनों ही मामलों में महिलाएं फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है, जबकि एक मामले में मृतका के परिजनों ने हत्या का संदेह जताया है।
पहला मामला: 5 महीने पहले की थी लव मैरिज, नवविवाहिता ने लगाई फांसी
यह मामला रताखार नादियाखार बस्ती का है, जो कोतवाली थाना क्षेत्र में आता है। यहां आरती प्रजापति (19 वर्ष) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि आरती ने करीब 5 महीने पहले रवि बंजारे (20 वर्ष) के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों एक निजी मकान में किराए पर रह रहे थे।
सोमवार की रात दोनों साथ में बाहर घूमने निकले और देर रात खाना लेकर घर लौटे। रात में खाना खाने के बाद दोनों अपने कमरे में सो गए। रात करीब 3 बजे रवि की नींद खुली तो आरती बिस्तर पर नहीं थी। जब उसने बाहर जाकर देखा तो आरती आंगन में फांसी के फंदे से लटकी हुई थी।
घटना की जानकारी रवि ने मकान मालिक को दी, फिर कोतवाली पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरती इससे पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। हालांकि, आत्महत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले की जांच जारी है।
दूसरा मामला: बाथरूम में फंदे से लटकी मिली महिला, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
यह मामला सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंप हाउस बस्ती का है। यहां रविवार को प्रभा देवी यादव (45 वर्ष) की लाश उनके घर के बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज में सुरक्षित रखवा दिया गया था।
प्रभा देवी के परिजन बिहार के बांदा जिले के रहने वाले हैं। मंगलवार को जब परिजन कोरबा पहुंचे, तो उन्होंने प्रभा देवी की मौत को हत्या बताया दिया। उनका आरोप है कि प्रभा देवी की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस मामले में भी सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
