कोरबा में कथित धर्मांतरण को लेकर विवाद: बजरंग दल और पुलिस के बीच झड़प, जमकर हुआ हंगामा, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:    कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरीपारा बस्ती में कथित धर्मांतरण की सूचना पर मंगलवार रात विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार एक मकान में लगातार भीड़ इकट्ठा होने की खबर पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शंकर पटेल द्वारा बेची गई जमीन पर बने एक मकान में पिछले कुछ दिनों से लोगों का आना-जाना बढ़ गया था। इससे क्षेत्र में धर्मांतरण गतिविधियों को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ। शिकायत मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की भी सूचना है। मौके पर सीनियर अधिकारी भी पहुंचे और हालात को संभालने का प्रयास किया।

थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस स्थिति पर पूरी निगरानी बनाए हुए है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।

Share This Article