कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कसनिया गांव में एक व्यवसायी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। तीसरे मुख्य आरोपी शक्ति सिंह और एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है।

इससे पहले पुलिस ने उत्तर प्रदेश निवासी पेशेवर शूटर दुर्गेश पांडे, कोरबा निवासी आशीष जांगड़े और हर्ष सिंह को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार और वाहन भी बरामद कर लिया है।

लव जिहाद से जुड़ा बताया जा रहा विवाद
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह विवाद कथित तौर पर लव जिहाद से जुड़ा है। एक युवक ने पुलिस को बताया कि वह एक लड़की से कोरबा कोर्ट में शादी करने वाला था, लेकिन इससे पहले ही फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते उत्तर प्रदेश से शूटर बुलवाए गए थे।
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। इस सनसनीखेज मामले ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
