कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ आरक्षक कृष्ण कुमार खरिया का दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन हो गया। यह दुखद घटना शनिवार दोपहर उस समय हुई जब अचानक सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद वह स्वयं बाइक से अस्पताल पहुंचे थे। चिकित्सकों द्वारा तत्काल उपचार शुरू किया गया, लेकिन प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।

जानकारी के अनुसार आरक्षक खरिया का स्वास्थ्य सामान्य था और वह रोज़ की ड्यूटी में पूरी तरह सक्रिय रहते थे। शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर बिना किसी को परेशान किए वे खुद अस्पताल पहुंचे। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन कुछ घंटों के भीतर ही उन्होंने अंतिम सांस ली।
इस घटना ने पूरे कोरबा पुलिस महकमे को गहरे शोक में डुबो दिया है। सहकर्मियों के अनुसार, खरिया निष्ठावान और मिलनसार स्वभाव के थे। उनकी असमय मृत्यु से न केवल विभाग बल्कि उनका परिवार भी भारी सदमे में है।
पिछले एक महीने के भीतर एक निरीक्षक, दो आरक्षक और तीन पुलिसकर्मियों के बच्चों की मृत्यु हो चुकी है। इस प्रकार की लगातार घटनाओं ने विभागीय कर्मचारियों को मानसिक रूप से झकझोर दिया है।
आरक्षक कृष्ण कुमार खरिया के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस विभाग की ओर से मृतक के परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।
