कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर कोरबा पुलिस सतर्क मोड पर है। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए थानों की टीमें सक्रिय हैं और लगातार कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से संदिग्ध स्थानों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
इसी कड़ी में पुलिस ने चाकू दिखाकर मारपीट करने वाले का आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी द्वारा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर में सोमवार रात एक युवक को चाकू दिखाकर धमकी और मारपीट की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार आयुष अग्रवाल अपनी मां को दुर्गा पंडाल छोड़कर घर लौट रहा था, तभी शिवाजी नगर निवासी मितेश केंवट (आवास क्रमांक LIG-194) ने उसका रास्ता रोककर चाकू अड़ा दिया और मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने तत्काल सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चाकू और एक पंच बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। बता दें कि मितेश केंवट के खिलाफ पूर्व में भी वर्ष 2022 में मानिकपुर पुलिस द्वारा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
