कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में एक भालू ने किसान बिदुराम पर हमला कर दिया। जब वे अपने खेत का जायजा लेने साइकिल से पहुंचे थे। अचानक भालू से सामना होने पर वह जानलेवा हमला कर दिया जिससे बिदुराम के चेहरे और नाक पर गंभीर चोटें आईं हैं।
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला करतला थाना क्षेत्र का है। यह घटना सोमवार दोपहर की है। जहां नोनबिर्रा गांव में बिदुराम (55 वर्ष) बिदुराम खेत पहुंचने के बाद पैदल आगे बढ़ रहे थे कि तभी झाड़ियों से निकले एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने जान बचाने की कोशिश की, लेकिन भालू ने उनके चेहरे पर गंभीर वार किए। उनकी चीख-पुकार सुनकर भालू वहां से भाग गया, जिससे उनकी जान बच गई। खून से लथपथ हालत में बिदुराम किसी तरह साइकिल से घर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। हमले में उनकी नाक में गंभीर चोट आई है। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बिदुराम को कोरबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
कोरबा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की विशेष टीम ने बिदुराम की स्थिति को देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया। उनकी सर्जरी की जाएगी और फिलहाल उन्हें गहन निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है लेकिन पूरी तरह ठीक होने में समय लगेगा। घटना की जानकारी अस्पताल प्रबंधन द्वारा पुलिस और वन विभाग को दी गई। पुलिस ने बिदुराम का बयान दर्ज कर लिया है। वहीं वन विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर हालचाल जाना और शासन द्वारा मिलने वाली सहायता राशि भी प्रदान की। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
