कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत चैतमा चौकी के पास ग्राम कपोट में हुई, जहां अज्ञात वाहन ने महिला को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान जमुना बाई के रूप में हुई है। वह सुबह करीब 7 बजे खेत की ओर जा रही थीं, तभी तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और देखते ही देखते सड़क पर जाम लग गया। दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने उचित मुआवजे की मांग करते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिनमें भारी वाहन, चारपहिया वाहन, यात्री बसें और दोपहिया वाहन घंटों फंसे रहे।
करीब तीन घंटे तक चला चक्काजाम तब समाप्त हुआ जब प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और मृतका के परिजनों को 25,000 रुपए की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना, कटघोरा थाना और चैतमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए और चक्काजाम समाप्त किया गया। फिलहाल अज्ञात वाहन की तलाश जारी है और पाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
