कोरबा में सनकी ने की दो लोगों की बेल्ट से पिटाई, ‘भगवा राज’ के लगाए नारे, आधे घंटे तक दौड़ा-दौड़ाकर पीटता रहा, देखें वीडियो…. 

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   दशहरे के दिन कोरबा जिले में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने नशे की हालत में दो युवकों की बेरहमी से बेल्ट से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आरोपी युवक ‘भगवा राज जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए पीड़ितों को बेल्ट से पीटता नजर आ रहा है। पीड़ित युवक हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाते रहे, लेकिन आरोपी करीब आधे घंटे तक उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर मारता रहा।

जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। घटना खरमोरा स्थित अटल आवास के पास की है। पीड़ितों में चंदन महराना (23वर्ष) निवासी रामनगर और राजकुमार, निवासी अमरैया पारा शामिल हैं। दोनों ने बताया कि आरोपी युवक नशे की हालत में लगातार उनसे पैसे मांग रहा था। पैसे न देने पर उसने उनके साथ मारपीट की और उनका खाना तक फेंक दिया। विडंबना यह रही कि घटना स्थल पर मौजूद लोग मदद करने के बजाय सिर्फ वीडियो बनाते रहे, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया गया। वायरल वीडियो में आरोपी युवक अपने बॉस को वीडियो कॉल करते हुए भी दिखाई दे रहा है, जबकि पीड़ित युवक माफी मांगते नजर आते हैं।

जानकारी के अनुसार आरोपी युवक की पहचान विशाल दास के रूप में हुई है, जो खरमोरा अटल आवास का निवासी है। वह आदतन अपराधी है और पहले भी कई बार जेल जा चुका है। घटना के वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विशाल दास को गिरफ्तार कर लिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अटल आवास में असामाजिक तत्वों का बोलबाला है और इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा आगे की कार्यवाही की जा रही है।

Share This Article