कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले से एक दुखद घटना सामने आई है यहां राताखार एनीकेट डैम में रविवार को पिकनिक मनाने गए एक युवक डूबकर लापता हो गया है। युवक अपने बड़े भाई को डूबने से बचाते हुए खुद पानी के तेज बहाव में बह गया। हादसे के बाद से वह लापता है और उसकी तलाश के लिए नगर सेना की गोताखोर टीम द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत राताखार एनीकेट डैम का है। लापता युवक की पहचान पवन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पवन सिंह अपने बस्ती के दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने डैम पर गया था। इसी दौरान नहाते समय उसका बड़ा भाई श्याम सिंह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को डूबता देख पवन ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी और श्याम को किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद पानी के तेज बहाव में बह गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। डैम में पानी का स्तर अधिक होने और तेज बहाव के चलते रेस्क्यू में कठिनाई आ रही है। अब तक पवन सिंह का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पवन सिंह के बड़े भाई गणेश सिंह ने बताया कि पवन घर का सबसे छोटा और लाड़ला था। वह मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। उन्हें हादसे की जानकारी फोन के जरिए मिली। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
इस मामले में दर्री थाना पुलिस मौके पर मौजूद पिकनिक में शामिल अन्य युवकों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। फिलहाल पवन सिंह की तलाश जारी है और रेस्क्यू टीम द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
