तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को लिया चपेट में, मौके पर हुई मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में दुर्घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही है। यहां फिर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है जिसमें 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार ट्रक ने नदी के पुल पर रेलिंग के पास खड़े युवक को अपनी चपेट में ले लिया इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया।

जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है। हादसा तुमान कटघोरा-पेंड्रा रोड पर हुआ है। मृतक की पहचान संदीप यादव (24 वर्ष) बरबसपुर निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संदीप पुल की रेलिंग पर खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान एक सीमेंट से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। वहीं टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पुल के डिवाइडर से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में संदीप की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने कटघोरा मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार से बातचीत के बाद मृतक के परिजनों को 25,000 रुपए की तत्काल सहायता राशि देने की घोषणा की गई, जिसके बाद परिजन शांत हुए और जाम समाप्त किया गया।

बताया गया कि संदीप यादव खेती-किसानी में अपने परिवार की मदद करता था। हादसे के तुरंत बाद घायल संदीप को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।

 

Share This Article