कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के राताखार एनीकेट डैम में रविवार को पिकनिक मनाने गए एक युवक डूबकर लापता हो गया था जिसका शव आज सर्वमंगला मंदिर के पास हसदेव नदी तट पर बरामद कर लिया गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह पूरा मामला दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत राताखार एनीकेट डैम का है। पवन सिंह (19 वर्ष) अपने बस्ती के दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने डैम पर गया था। इसी दौरान नहाते समय उसका बड़ा भाई श्याम सिंह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को डूबता देख पवन ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी। दोस्तो की मदद से श्याम को किसी तरह बाहर निकाल लिया गया, लेकिन पवन पानी के तेज बहाव में बह गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। डैम में पानी का स्तर अधिक होने और तेज बहाव के चलते रेस्क्यू में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। काफी तलाश के बाद भी पवन का कुछ पता नहीं चल सका। आज सुबह फिर से रेस्क्यू कार्य शुरू किया गया।रविवार सुबह सर्वमंगला मंदिर के सामने छठ घाट पर कुछ लोगों ने एक बहते हुए शव को देखा। वहीं डोंगा चला रहे कुछ लोगों ने किसी तरह शव को किनारे लगाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची वहीं शव की पहचान पवन सिंह के रूप में हुई। इसकी सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। पवन सिंह के बड़े भाई गणेश सिंह ने बताया कि पवन घर का सबसे छोटा और लाड़ला था। वह मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।
