आरोपी ने लहराई तलवार, आरक्षक पर किया जानलेवा हमला
रायपुर: रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित पिरदा गांव में एक युवक ने तलवार लहराकर दहशत फैलाई और मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी की पहचान साहिल कुर्रे के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी और उग्र हो गया और आरक्षक टेकराम साहू पर तलवार से हमला करने की कोशिश की। गनीमत रही कि आरक्षक हमले में बाल-बाल बच गए, अन्यथा कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन ग्रामीणों की मदद से उसे पकड़कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस पर हमला करने और हथियार से आमजन में भय फैलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
