कोरबा मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर से छेड़छाड़, सीनियर डॉक्टर पर FIR दर्ज

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आयुष विभाग में पदस्थ एक सीनियर आयुर्वेदिक डॉक्टर पर ट्रेनी डॉक्टर ने छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने डॉक्टर एके मिश्रा के खिलाफ सिविल लाइन थाना में IPC की धारा 354 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, ट्रेनी डॉक्टर किसी कार्यवश डॉक्टर मिश्रा के स्टाफ रूम में गई थीं, जहां डॉक्टर मिश्रा ने उनकी तबीयत का हवाला देकर जबरन ‘चेकअप’ करने की कोशिश की और शारीरिक छेड़छाड़ की। इस दौरान कमरे में एक अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद था।

पीड़िता ने घटना के बाद तुरंत मेडिकल कॉलेज के डीन से इसकी शिकायत की और परिजनों को भी सूचना दी। परिजन अगली सुबह कोरबा पहुंचे और थाने में FIR दर्ज करवाई।

ASP नीतीश ठाकुर ने बताया कि सीनियर डॉक्टर के खिलाफ धारा 354 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, डीन डॉ. केके सहारे ने कहा कि मामले की जांच मेडिकल कॉलेज की आंतरिक निवारण समिति द्वारा की जाएगी। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article