कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के एक 35 वर्षीय विवाहिता की फांसी के फंदे से लटकती हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मंजू साव के रूप में हुई है, जो कैंटीन में काम करती थीं और अपने पति सुनील राय के साथ इसी कॉलोनी में निवासरत थीं।
यह पूरा मामला दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत पुष्प पल्लव कॉलोनी का है। घटना देर रात की बताई जा रही है। परिजनों ने जब मंजू को फांसी के फंदे से लटकता देखा तो तत्काल उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जांच पड़ताल किया गया। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार आत्महत्या के कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मायके पक्ष ने जताया संदेह
मंजू की मौत पर उसके मायके पक्ष ने गंभीर संदेह जाहिर किया है। परिजनों का कहना है कि मंजू मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ और मजबूत व्यक्तित्व वाली महिला थी। उनके अनुसार किसी भी तरह का तनाव या घरेलू विवाद सामने नहीं आया था, जिससे यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो। मायके पक्ष ने पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
दर्री पुलिस का कहना है कि घटना की जांच कई एंगल से की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत का कारण स्पष्ट हो सके।
