कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के बायपास रोड पर एक चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में कुछ अज्ञात लोग निर्माण स्थल पर पहुंचकर सरकारी काम के लिए रखे गए लोहे के खंभों को काटते और पिकअप वाहन में लादते दिखे थे। वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कबाड़ चोरों का एक गिरोह निर्माण स्थल पर पहुंचा और वहां रखे लोहे के पोल को गैस कटर से काटा। जब एक कर्मचारी ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए। वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया, जिससे स्थानीय प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे। पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान की।
वहीं मामले में एडिशनल एसपी ने बताया कि वीडियो फुटेज की मदद से दो आरोपी कासिम खान और पंकज श्रीवास की पहचान की गई। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक पिकअप वाहन और चोरी किए गए लोहे के खंभे भी बरामद किए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
