कोरबा में हाथियों का कहर: हाथी के हमले से एक व्यक्ति की मौत, इधर पथराव से भड़के हाथियों के झुंड ने ग्रामीणों को दौड़ाया, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

 

 

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के करतला परिक्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बना हुआ है। बुधवार रात हाथियों के एक झुंड ने एक मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। वहीं, एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें ग्रामीण हाथियों के झुंड पर पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद भड़के हाथियों ने ग्रामीणों को दौड़ाया।

जानकारी के अनुसार रामपुर और करतला के बीच के जंगलों में करीब 50 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इस क्षेत्र के कई गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि ये हाथी अक्सर देर रात खेतों और बस्तियों की ओर बढ़ते हैं, जिससे फसलों और जान-माल को भारी नुकसान होने की आशंका बनी रहती है। किसानों को रातभर जागकर फसलों की रखवाली करनी पड़ रही है।

पथराव से भड़के हाथियों ने ग्रामीणों को दौड़ाया
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि ग्रामीणों ने जंगल से गांव की ओर जा रहे हाथियों के झुंड पर पथराव किया। इस पर कुछ हाथी आक्रोशित होकर पलटे और ग्रामीणों की ओर दौड़ पड़े। हालांकि, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ और ग्रामीण समय रहते बच निकले।

रामपुर में हाथी ने एक व्यक्ति को उतारा मौत के घाट
इसी बीच रामपुर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। देर रात एक हाथी ने मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति को सूंड में लपेटकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक रामपुर बस स्टैंड के पास निवास करता था। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है।

वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
हादसे की सूचना मिलने के बाद वन विभाग और करतला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। विभाग की ओर से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे हाथियों के झुंड के पास जाने या छेड़छाड़ करने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचित करें।

Share This Article