कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले भर में कार्रवाई तेज कर दी है। त्योहारी सीजन में मिलावट और खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग ने कई प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए लिए हैं। इनमें पानी, टोस्ट, आटा, सोयाबीन तेल, मैंगो कैंडी, बिस्कुट, कुकीज़, पनीर, बूंदी और कलाकंद जैसे उत्पाद शामिल हैं।
पिछले एक सप्ताह में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर स्थित रंजय कैंटीन से पानी, जमनीपाली के संजय जनरल स्टोर से टोस्ट और आटा, तथा शिवम जनरल स्टोर से सोयाबीन तेल के नमूने लिए गए। इतवारी बाजार से शांति ट्रेडर्स से मैंगो कैंडी और टोस्ट, जबकि किशन ट्रेडर्स से बिस्कुट और कुकीज़ के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। बंकिमोगरा स्थित बुलबुल सेल्स से पानी, राजू होटल से चिकन व वेज बिरयानी, उरगा की सुनीता डेयरी से पनीर और शुभम डेयरी से बूंदी व कलाकंद के नमूने लिए गए।
गंदगी व अव्यवस्था मिलने पर निर्देश
कार्रवाई के दौरान कई दुकानों और होटलों में गंदगी और अव्यवस्था पाई गई, जिसके लिए अधिकारियों ने सख्त निर्देश जारी किए। खासकर डस्टबिन की अनुपस्थिति पर कई होटलों को फटकार लगाई गई और उन्हें गीले व सूखे कचरे के लिए अलग डस्टबिन रखने के आदेश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य व्यवसायियों को FSSAI नियमों का पालन, लाइसेंस की उपलब्धता और रजिस्ट्रेशन कॉपी का सार्वजनिक प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पिछले दिनों भी विभाग ने कार्रवाई करते हुए कई दुकानों- गायत्री जनरल स्टोर, मुड़ापार: बिना लाइसेंस के संचालन पर ₹10,000 जुर्माना, श्रीराम दुकान, टीपी नगर: मिस ब्रांडिंग पर ₹25,000, मनोहर एजेंसी, सीतामणी: ₹10,000 का जुर्माना, चारमीनार कंपनी की दुकान: मिस ब्रांडिंग पर ₹15,000, हरियाणा जलबे मिठाई, पावर हाउस रोड: गुणवत्ता को लेकर ₹25,000 का जुर्माना लगाया था।
जारी रहेगी जांच: अधिकारी
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि, “त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। दुकानदारों को नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।”
