कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। करतला रेंज के बड़मार और कोटमेर बीट में इन दिनों 52 हाथियों का झुंड सक्रिय है। इनमें से 15 हाथी बड़मार और 37 हाथी कोटमेर क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं।
बीती रात इन हाथियों ने जमकर उपद्रव मचाया और दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों की धान की फसल को रौंद डाला, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हाथियों के इस उत्पात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी सुबह मौके पर पहुंचे और नुकसान का सर्वेक्षण कर रिपोर्ट तैयार की। यह रिपोर्ट क्षतिपूर्ति प्रस्ताव के लिए वनमंडल कार्यालय को भेजी जाएगी, जहां से स्वीकृति उपरांत पीड़ित किसानों को मुआवजा राशि दी जाएगी।
इससे पहले यही झुंड कोरबा रेंज के कोरकोमा सर्किल अंतर्गत गेराव और बताती क्षेत्रों में भी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा चुका है। ग्रामीणों द्वारा खदेड़े जाने पर झुंड दो हिस्सों में बंटकर बड़मार और कोटमेर क्षेत्र की ओर बढ़ गया।
वहीं, कटघोरा वनमंडल में सक्रिय 54 हाथियों के एक अन्य झुंड ने भी लगातार दूसरे दिन बनिया और आसपास के गांवों में धान की फसलों को रौंदकर किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है।
प्रशासन और वन विभाग से ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथियों को नियंत्रित करने के लिए जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि फसल और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
