कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: दीपावली पर्व के मद्देनज़र कोरबा के इंदिरा स्टेडियम परिसर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम के पास इस वर्ष भी अस्थायी पटाखा दुकानों की अनुमति दी गई है। प्रशासन से 145 दुकानों की अनुमति मिली थी जिनमें से 110 दुकानें चालू हैं। हालांकि, इन दुकानों की आड़ में क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों का ग्राफ बढ़ने लगा है, जिससे स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों में चिंता व्याप्त है।
ऑडिटोरियम के आसपास शराब सेवन का वीडियो वायरल
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लोग राजीव गांधी ऑडिटोरियम के नीचे शराब और गिलास के साथ नजर आ रहे हैं। इसी वीडियो में एक युवक और युवती भी नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए बाहर निकलते देखे गए। बताया जा रहा है कि दोनों समीप के सामुदायिक भवन में प्रवेश की कोशिश कर रहे थे, लेकिन चौकीदार ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद दोनों वहीं किनारे बैठकर शराब सेवन करते रहे।

पटाखा दुकान के पीछे बम फोड़ा, विवाद की स्थिति
घटना के दौरान एक युवक द्वारा दुकानों के पीछे प्रतिबंधित रूप से बम फोड़ने से अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने विरोध जताया और युवक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। इसके अलावा, कई अन्य युवक धूम्रपान करते भी देखे गए, जो सुरक्षा नियमों का सीधा उल्लंघन है।
संघ ने दिए सख्त निर्देश, पुलिस से सख्ती की मांग
जिला पटाखा संघ के अध्यक्ष शत्रुघ्न थवाईत ने बताया कि सभी दुकानदारों को पटाखा न फोड़ने और धूम्रपान से बचने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि सभी दुकानदार आग से बचाव के लिए आवश्यक अग्निशमन उपकरण अपने पास रखें।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस से कड़ी निगरानी की मांग
परिसर में इस तरह की लापरवाहियों के चलते किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में स्थानीय प्रशासन, फटाका संघ और पुलिस विभाग को मिलकर इस क्षेत्र की निगरानी और नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
